:- रवि शंकर अमित!
माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के उद्देश्य से मंगलवार को बेगूसराय जिले के 18 प्रखंडों की कुल 22 ग्राम पंचायतों में द्वितीय चरण के ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। सभी शिविरों का आयोजन 22 वरीय पदाधिकारियों की अध्यक्षता में किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री रिची पांडेय स्वयं मटिहानी प्रखंड के सिहमा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचे तथा शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां उपस्थित आमजनों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना एवं संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के त्वरित तथा गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया।
सहयोग शिविर के द्वितीय चरण में अब तक इन 22 ग्राम पंचायतों से कुल 3,743 आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 3,673 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। शेष 70 आवेदनों एवं शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई की जा रही है तथा उनका निष्पादन शीघ्र सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं, नगर निगम एवं नगर परिषद क्षेत्रों में अब तक कुल 2,699 आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2,660 का निष्पादन किया जा चुका है तथा शेष 39 शिकायतों के निष्पादन की कार्रवाई जारी है।
सहयोग शिविरों में मुख्य रूप से राशन कार्ड, जॉब कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, लगान रसीद सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। शिविर में उपलब्ध सेवाओं एवं त्वरित निष्पादन योग्य आवेदनों का यथासंभव उसी दिन निष्पादन करते हुए लाभुकों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
विदित हो कि सहयोग शिविर के प्रथम चरण में बेगूसराय जिले की सभी 217 ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित कर आमजनों से प्राप्त समस्याओं एवं शिकायतों के निष्पादन की कार्रवाई की गई थी। सरकार के नवीनतम दिशा-निर्देश के आलोक में अब प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को चक्रानुक्रम में विभिन्न पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं मांगों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत 10 दिनों के भीतर कार्रवाई एवं निष्पादन सुनिश्चित किया जाना है।
जिला प्रशासन द्वारा शिविर स्थलों पर आमजनों के बैठने, पेयजल, आवेदन पंजीकरण एवं ऑनलाइन प्रविष्टि के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर तथा आवश्यक कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कर उनकी प्रगति की सतत निगरानी एवं अनुश्रवण किया जा रहा है।
जिला प्रशासन, बेगूसराय का उद्देश्य है कि आमजनों की समस्याओं का समाधान उनके पंचायत एवं स्थानीय स्तर पर ही त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। वैसे आवेदक जो जिला स्तर पर की गई कार्रवाई से असंतुष्ट हैं, उनके लिए माननीय मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को राज्य स्तरीय शिविर आयोजित किया जाता है, जहां उनकी शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाती है।



