रिपोर्ट – अमित कुमार!
बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जाति की राजनीति पर बड़ा हमला बोला है, और इस बहाने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी जमकर निशाना साधा है।
अपने बयान में विजय सिन्हा ने कहा कि भारत माँ की हर संतान बराबर है। हमारे संविधान निर्माताओं ने सभी के उत्थान, कल्याण और विकास का समान अवसर दिया है, लेकिन आज़ादी के इतने सालों बाद भी कुछ लोग राजनीति के नाम पर समाज को टुकड़ों में बांट रहे हैं।
उन्होंने कहा कि समाज को बांटने और नफरत का ज़हर घोलने वाली मानसिकता ने देश को नुकसान पहुँचाया है। कोई भी नेता सिर्फ एक विशेष जाति या वर्ग से नहीं बनता, बल्कि समाज के सभी वर्गों के आशीर्वाद और समर्थन से बनता है। नेताओं को ये बताना चाहिए कि उन्होंने अपने समाज और अपने राज्य के लिए क्या किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूलमंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास’ का ज़िक्र करते हुए सिन्हा ने कहा कि असली प्राथमिकता देश का विकास, बेरोजगारों को रोजगार, गरीबों का उद्धार और किसानों का कल्याण होना चाहिए, न कि जात-पात की राजनीति।
वीडियो क्लिप में विजय सिन्हा राहुल गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए नज़र आए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जैसे नेताओं की बातों का कोई ठिकाना नहीं होता, समाज और राष्ट्र के प्रति उनकी कोई जवाबदेही नहीं है। चुनाव आते ही ये नेता कभी जाति, कभी मनुस्मृति तो कभी संविधान के नाम पर लोगों को बहकाते हैं और नकारात्मकता फैलाते हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि देश को सोने का चम्मच लेकर पैदा होने वाले परिवारवादी नेताओं की नहीं, बल्कि नैतिक चरित्र वाले और जनता के सच्चे सेवक की जरूरत है। हमें आपसी सद्भाव, एकता और विकास के पथ पर आगे बढ़ना होगा।



