रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी -रंगदारी और फायरिंग का मामला, पुलिस तलाशी में घर से मिला देशी पिस्टल व जिंदा कारतूस, अभियुक्त फरार, छापेमारी जारी
मधुबनी जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देश पर जयनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रंगदारी और फायरिंग के मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। दिनांक 28/08/2026 रात्रि लगभग 10:30 बजे कोरहिया रेलवे हाल्ट स्थित जनरल स्टोर के संचालक लालू कुमार सिंह के अनुसार, शराब के नशे में धुत दो युवक गगन यादव व रंजीत कुमार यादव दुकान पर आए और जबरन उधार कोल्ड ड्रिंक्स की मांग की। दुकानदार के विरोध पर आरोपीयों ने गाली-गलौज, मारपीट व जान से मारने की धमकी दी तथा रंजीत यादव ने कमर से अवैध हथियार निकाल कर तीन राउंड फायरिंग भी की। ग्रामीणों के पहुंचने पर दोनों आरोपी फरार हो गए। पीड़ित की लिखित शिकायत पर जयनगर थाने में 29/08/2026 को प्रकरण संख्या 430/26 के अंतर्गत आवश्यक धाराएँ तेयार कर जांच आरम्भ कर दी गई। आगे जयनगर थाना टीम ने नामजद आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की, जहां रंजीत कुमार यादव के घर से तलाशी के दौरान घटना में प्रयुक्त 01 देशी पिस्टल व 03 जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामद अवैध आग्नेयास्त्र को विधिवत जप्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान पुलिस की दबिश के कारण अभियुक्त मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष रमन कुमार सिंह ने बताया, “हमने मौके से हथियार और कारतूस बरामद कर लिये हैं; और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार सघन छापेमारियाँ चल रही हैं। जनता निडर होकर पुलिस को सहयोग करें।” मामले की गम्भीरता के मद्देनजर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और शीघ्र ही अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्याय के सम्मुख लाया जाएगा।



