जब डीएम अपने हाथ में झाड़ू लेकर स्वयं बराबर पहाड़ की सफाई करने लगे तो लोग देखकर हैरान रह गए!

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद

जिलाधिकारी, जहानाबाद छिरिङ वाई भूटिया के नेतृत्व में “Zero Litter Barabar” अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित बराबर के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए आमजन को ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। जिलाधिकारी ने अपने हाथों में झाड़ू लेकर साफ सफाई किया एवं कचरा को डस्टबिन में डाली तो लोग हैरान रह गए
जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस अभियान का संदेश बिल्कुल स्पष्ट है—हमारी राष्ट्रीय विरासत बराबर गुफाओं को स्वच्छ रखना एवं संरक्षित करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ बराबर एवं स्वच्छ जहानाबाद की निरंतर सोच और सामूहिक संकल्प है।
जिला पदाधिकारी द्वारा जिलेवासियों एवं पर्यटकों से अपील की गई कि वे बराबर की प्राकृतिक सुंदरता एवं ऐतिहासिक विरासत का आनंद लें, लेकिन परिसर में प्लास्टिक, बोतल, रैपर अथवा अन्य प्रकार का कचरा न फैलाएं। कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता एवं विरासत संरक्षण के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि हमें यह विरासत पूर्वजों से मिली है और इसे स्वच्छ, सुरक्षित एवं संरक्षित रूप में अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। सभी से “ना कचरा फैलाएंगे, ना फैलाने देंगे” के संकल्प के साथ स्वच्छ बराबर एवं आदर्श जहानाबाद के निर्माण में सहभागिता की अपील की गई।
उक्त अवसर पर बड़ी संख्या में आमजन, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, भारत स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, ग्राम रक्षा दल के जवानों, जिला प्रशासन के पदाधिकारीगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया तथा स्वच्छता एवं जनजागरूकता का संदेश दिया।
जिला पदाधिकारी ने अभियान में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं, जवानों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छता एवं विरासत संरक्षण जैसे अभियानों को स्थायी स्वरूप दिया जा सकता है।
जिला प्रशासन, जहानाबाद की अपील है कि जनभागीदारी के माध्यम से बराबर की ऐतिहासिक विरासत को स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित बनाए रखने में सभी अपना सक्रिय योगदान दें।

Join us on: