:- रवि शंकर अमित!
प्राकृतिक खेती को जन-आंदोलन बनाकर किसानों की समृद्धि और स्वस्थ समाज का निर्माण करेंगे: विजय कुमार सिन्हा
- जनकल्याण संवाद में सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश
- खेत बचाओ’ अभियान से प्राकृतिक खेती को मिलेगा बढ़ावा; युवाओं को आधुनिक कृषि से जोड़ने पर जोर
- नेपाल आपदा और संभावित बाढ़ की स्थिति पर सरकार पूरी तरह सजग व मुस्तैद
लखीसराय, 30 अगस्त: विधानसभा प्रधान कार्यालय, लखीसराय में रविवार को आयोजित ‘जनकल्याण संवाद’ कार्यक्रम में बिहार सरकार के कृषि मंत्री सह स्थानीय विधायक श्री विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय एवं आसपास के क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं व जनसरोकार के मुद्दे सुने। समस्याओं की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारियों को दूरभाष पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
संवाद के उपरांत पत्रकारों को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार में किसान समृद्धि, महिला उद्यमिता, युवा रोजगार और श्रमिक कल्याण को लेकर सरकार व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। बिहार के युवाओं की प्रतिभा का सम्मान करते हुए रोजगार के नए अवसर सृजित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कृषि क्षेत्र में रोजगार की असीम संभावनाएं हैं और युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर इसे और अधिक लाभकारी बनाया जा रहा है।
श्री सिन्हा ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से खाद्य गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। इसके समाधान के लिए सरकार ‘खेत बचाओ’ अभियान के तहत प्राकृतिक खेती को जन-आंदोलन का रूप दे रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और एनडीए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपनी कम-से-कम एक-तिहाई कृषि भूमि पर प्राकृतिक खेती अपनाएं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ समाज के संकल्प को साकार करने के लिए प्राकृतिक खेती को घर-घर पहुंचाना जरूरी है।
जनसंवाद पोर्टल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि जनता की हर छोटी-बड़ी समस्या के समाधान के लिए सरकार पूरी संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। बिहार में डबल इंजन की सरकार विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, जिला परिषद सदस्यों के धरने से जुड़े सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक स्तर पर नियमसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा और बिहार में संभावित बाढ़ को लेकर कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार पूरी तरह सजग और तैयार है। प्रशासन को लगातार निगरानी रखने तथा राहत व बचाव की सभी पूर्व तैयारियां मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू, जिला प्रभारी संजय कुमार सिंह, महामंत्री सनोज साहू, विकास आनन्द सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, एनडीए कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
अजय कुशवाहा
जिला मीडिया प्रभारी, भाजपा, लखीसराय।



