कैमूर -ट्रक में छिपाकर लाई जा रही 75 लाख की हजारों लीटर शराब जब्त, दो गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – पियूष कुमार!

पंजाब से ट्रक में तहखाना बनाकर बिहार लाई जा रही थी शराब,चालक व सहचालक गिरफ्तार

कारोबारी तक पहुंचने से पहले मिटा दिए थे शराब की बोतलों के बैच नंबर

दिल्ली-कोलकाता हाईवे स्थित समेकित जांच चौकी के उत्पाद चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग ने मंगलवार अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक में छिपाकर बिहार लाई जा रही करीब 4815 लीटर शराब जब्त की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 से 75 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में ट्रक चालक और सहचालक को गिरफ्तार किया गया है।

उत्पाद विभाग के अनुसार, यूपी की ओर से आ रहे 14 चक्का ट्रक संख्या PB13B8166 की जांच के दौरान उसमें सड़े हुए गोबर जैसी खाद के बीच लोहे का तहखाना बनाया हुआ मिला। इसी गुप्त तहखाने में शराब की बड़ी खेप छिपाकर बिहार लाई जा रही थी। जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने तहखाना खोलकर शराब बरामद की।

मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश कुमार और विकास कुमार, दोनों निवासी हरियाणा के रूप में हुई है। पूछताछ में शराब की खेप पंजाब से बिहार लाए जाने की जानकारी सामने आई है। उत्पाद विभाग के अनुसार, तस्करों ने शराब के कारोबारियों तक खेप पहुंचाने से पहले पहचान छिपाने के उद्देश्य से बोतलों पर दर्ज बैच नंबर भी मिटा दिए थे।

उत्पाद चेकपोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान उक्त ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें लोहे का गुप्त तहखाना बनाकर छिपाई गई करीब 4815 लीटर शराब बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत 70 से 75 लाख रुपये है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और शराब की खेप के पीछे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Join us on: