रिपोर्ट- मनोज कुमार!
बेतिया जिले के नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर रेलखंड से एक दर्दनाक खबर सामने आई है… जहां ट्रेन की चपेट में आने से मां और उसकी पांच साल की मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना शिकारपुर थाना क्षेत्र के सोफवा गांव के समीप की है। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय जानकी देवी और उनकी पांच वर्षीय बेटी पिंजल कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों किराना दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते वक्त मुजफ्फरपुर से नरकटियागंज आ रही 63341 मेमो पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। रेल पुलिस और शिकारपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।
ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे लाइन ने गांव को दो हिस्सों में बांट दिया है। सुरक्षित रास्ता नहीं होने के कारण लोगों को मजबूरी में ट्रैक पार करना पड़ता है। ग्रामीणों ने रेलवे फाटक या सुरक्षित रास्ते की मांग की है।



