रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सुपौल :- एसएसबी 45वीं बटालियन की बी कंपनी कार्यालय भीमनगर परिसर में शनिवार को वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कार्यक्रम देशभक्ति और उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसएसबी जवानों के साथ स्थानीय निजी विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामूहिक गायन के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत नजर आया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक कमांडेंट राहुल कुमार ने वंदे मातरम् के इतिहास, इसके महत्व और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में इसकी प्रेरणादायी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि देश के प्रति प्रेम, त्याग और समर्पण की भावना को मजबूत करने वाला राष्ट्रीय भाव है। उन्होंने विद्यार्थियों और जवानों से राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारे लगाते रहे। जवानों और विद्यार्थियों की सहभागिता से कार्यक्रम स्थल देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने तथा देशसेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया गया।




