रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई में तेजी लाने का निर्देश!
मधुबनी जिले में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शिवम धाकड़ ने 4 अगस्त 2026, मंगलवार को मधेपुर थाना का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी ने थाने के रिकॉर्ड रजिस्टर, सीसीटीवी कक्ष, हाजत, मालखाना और महिला हेल्प डेस्क का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने लंबित कांडों के निष्पादन, वारंट तामिला और शिकायत निवारण की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़ ने कहा कि थाने में आने वाले हर फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाए। जनसुनवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित कांडों और वारंट का निष्पादन तय समय सीमा में पूरा करें। रात्रि गश्ती और गश्त को और तेज किया जाए ताकि अपराधियों पर नकेल कसी जा सके।
उन्होंने थानाध्यक्ष और सभी पुलिस पदाधिकारियों को साइबर अपराध, शराब तस्करी और अवैध खनन पर विशेष नजर रखने का भी निर्देश दिया। साथ ही थाने की साफ-सफाई और पुलिसकर्मियों के व्यवहार में सुधार लाने पर जोर दिया।
इस दौरान मधेपुर थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।




