रिपोर्ट :- संतोष चौहान
सुपौल :- जिले के भपटियाही थाना क्षेत्र में 27 जुलाई को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए 15 वर्षीय संतोष कुमार की बुधवार को नेपाल के एक न्यूरो अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। किशोर की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर माकेर गढ़िया चौक से पश्चिम नारायणपुर के समीप सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, आर्थिक सहायता तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की। जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार 27 जुलाई को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ था। पहले उसे राघोपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए नेपाल के एक न्यूरो अस्पताल रेफर किया गया, जहां बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद उन्हें प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की सहायता नहीं मिली। उन्होंने सरकार से उचित मुआवजा देने और परिवार के आश्रितों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की।घटना की सूचना मिलते ही भपटियाही थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। बाद में प्रखंड प्रमुख विजय यादव, प्रखंड विकास पदाधिकारी अच्युतानंद, अंचलाधिकारी राकेश रंजन, सर्किल इंस्पेक्टर संजय कुमार यादव, पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार, जिला परिषद सदस्य गौतम कुमार मेहता, राघोपुर थाना के एसआई मुकुल आजाद समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाया। प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन मिलने के बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य हो सका। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया तथा मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।




