:- रवि शंकर अमित!
राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर अभियंत्रण महाविद्यालय, बेगूसराय में निर्वाचन साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club-ELC) के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं भावी मतदाताओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री, उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सौरव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बलिया, भूमि सुधार उप समाहर्ता, बेगूसराय निदेशक NEP बेगूसराय सहित अन्य पदाधिकारी एवं महाविद्यालय के प्राचार्य एवं छात्र उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर में मतदाता जागरूकता के संदेश के साथ मानव श्रृंखला निर्माण एवं पौधरोपण से किया गया। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई मतदान जागरूकता विषयक पेंटिंग प्रदर्शनी तथा नए मतदाता पंजीकरण काउंटर का निरीक्षण किया गया। तत्पश्चात दीप प्रज्ज्वलन के साथ मुख्य सत्र का शुभारंभ हुआ, जिसमें निर्वाचन साक्षरता क्लब की अवधारणा, उसके उद्देश्यों तथा भारत की निर्वाचन प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा मॉडल पोलिंग स्टेशन का सजीव प्रदर्शन कर मतदान की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक परिचय कराया गया। साथ ही निर्वाचन विषयक क्विज प्रतियोगिता एवं प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था और निर्वाचन संबंधी अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की सफलता नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करते ही अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं तथा प्रत्येक निर्वाचन में अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मत अमूल्य है और जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला होते हैं।
पूरे कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के छात्रों में मतदान के प्रति उत्साह एवं जागरूकता का वातावरण देखने को मिला।




