नवादा / सोनू सिंह की रिपोर्ट!
नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के धेवधा कॉलेज के समीप स्थित लखनपुरा गांव में मंगलवार की सुबह 8 वर्षीय छात्रा का शव बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पकरीबरावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मृतका की पहचान लखनपुरा निवासी अवधेश साव और चांदमुनी देवी की पुत्री अर्चना कुमारी के रूप में हुई है। अर्चना स्थानीय डोला मध्य विद्यालय में कक्षा 3 की छात्रा थी और चार बहनों व एक भाई में सबसे छोटी थी।
परिजनों के अनुसार, सोमवार की शाम अर्चना घर से कलम लेने के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। मंगलवार की सुबह घर से लगभग 500 मीटर पश्चिम दिशा में उसका शव बरामद हुआ।
शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित किए हैं तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस संबंध में एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया कि बच्ची का शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




