नवादा पुलिस की बड़ी कार्रवाई,279.870 किलो गांजा जब्त; अंतरराज्यीय तस्करी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार!

SHARE:

नवादा / सोनू सिंह ।

रजौली चेकपोस्ट पर बड़ी कार्रवाई, 279.870 किलो गांजा जब्त; अंतरराज्यीय तस्करी का भंडाफोड़

नवादा जिले के रजौली स्थित बिहार-झारखंड सीमा पर उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चित्रकोली उत्पाद चेकपोस्ट पर मंगलवार को सघन वाहन जांच अभियान के दौरान मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 279.870 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई उत्पाद चेकपोस्ट प्रभारी अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई। नियमित और सघन जांच के दौरान टीम की सतर्कता और संदिग्ध वाहनों पर पैनी नजर के कारण यह बड़ी खेप पकड़ में आई। चेकपोस्ट पर लगातार कड़ी निगरानी के चलते पहले भी कई तस्करी के प्रयास विफल किए जा चुके हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर विभाग की कार्यशैली की सराहना हो रही है।

कार्रवाई के दौरान रजौली अंचल अधिकारी सह दंडाधिकारी गुरफान मजहरी की मौजूदगी में पंजाब नंबर PB-10FF-8369 की 407 मिनी कंटेनर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इसके बाद मौके पर इलेक्ट्रॉनिक कांटा मंगाकर विधिसम्मत तरीके से वजन कराया गया, जिसमें कुल 279.870 किलोग्राम गांजा पाया गया। बरामद गांजा और वाहन को तत्काल जब्त कर लिया गया।

मौके से चालक अरविंद कुमार (29 वर्ष) और सह चालक राजेंद्र कुमार (27 वर्ष), दोनों निवासी मोती नगर, वार्ड संख्या-16, लुधियाना (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गांजा की यह खेप झारखंड के हजारीबाग से पंजाब ले जाई जा रही थी। फिलहाल जांच एजेंसियां इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई हैं।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बिहार-झारखंड सीमा मादक पदार्थ तस्करी के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र है, इसलिए यहां चौबीसों घंटे सघन वाहन जांच जारी रहेगी। पुलिस और उत्पाद विभाग को उम्मीद है कि आरोपितों से पूछताछ के आधार पर अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों तक भी जल्द पहुंच बनाई जा सकेगी।

Join us on: