मुजफ्फरपुर- काँटी में 8 सौ मेगावाट की नई थर्मल स्थापित की जाय, विधायक ने सदन में उठाया मुद्दा!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष तिवारी!

कोयला आधारित संयंत्र संभव नहीं तो सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने की दी सलाह, रोजगार सृजन पर दिया जोर

मुजफ्फरपुर। बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को कांटी के विधायक ई. अजीत कुमार ने गैर-सरकारी संकल्प के माध्यम से कांटी थर्मल पावर स्टेशन में 800 मेगावाट क्षमता के नए बिजली संयंत्र की स्थापना की जोरदार मांग उठाई। उन्होंने कहा कि बिहार ऊर्जा के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है और बिजली उत्पादन के मामले में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में राज्य के विकास को नई गति देने के लिए राज्य सरकार को केंद्र सरकार से कांटी थर्मल में उपलब्ध जमीन पर नए बिजली संयंत्र की स्थापना की अनुशंसा करनी चाहिए।
विधायक ने कहा कि कांटी थर्मल का विस्तार होने से न केवल राज्य की ऊर्जा उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
इस पर सरकार की ओर से जवाब देते हुए बताया गया कि वर्ष 2035 तक के लिए ऊर्जा क्षेत्र की कार्ययोजना तैयार की जा चुकी है तथा इस संबंध में केंद्र सरकार के साथ समझौता भी हो चुका है।
सरकार के जवाब से पूरी तरह संतुष्ट नहीं दिखे विधायक ई. अजीत कुमार ने पुनः अपनी मांग को मजबूती से रखते हुए कहा कि यदि कोयला आधारित 800 मेगावाट का संयंत्र स्थापित करना संभव नहीं है, तो कांटी थर्मल परिसर में सौर ऊर्जा आधारित विद्युत परियोजना स्थापित की जाए। उन्होंने कहा कि जगह भी उपलब्ध है। वही इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा और बिहार के विकास को नई उड़ान मिलेगी।

Join us on: