दरभंगा- नीट हिंसा कांड में डिप्टी मेयर नाजिया हसन नामजद,वीडियो वायरल, गिरफ्तारी की माँग!

SHARE:

:- लक्ष्मण कुमार की रिपोर्ट!

नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर दरभंगा में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद भड़की हिंसा के मामले में नगर निगम की डिप्टी मेयर एवं कांग्रेस नेत्री नाजिया हसन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लहेरियासराय थाना कांड संख्या 428/26 में उन्हें नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो सहित सभी साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नाजिया हसन कथित तौर पर सड़क किनारे गड़ा बांस उखाड़कर हाथ में लिए दिखाई दे रही हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे का है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।

इसी बीच नाजिया हसन का एक अन्य वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में वह प्रदर्शनकारियों से अपील करती नजर आ रही हैं कि आंदोलन की अनुमति केवल लहेरियासराय टावर चौक तक की है और किसी भी स्थिति में लोहिया चौक की ओर नहीं जाना है। वीडियो में वह यह भी कहती सुनाई दे रही हैं कि यदि लोग उनकी बात नहीं मानेंगे तो पुलिस कार्रवाई करेगी और उसकी जिम्मेदारी उन्हें भी उठानी पड़ेगी। इसे उनका पक्ष माना जा रहा है।

पुलिस ने इस मामले में 54 नामजद एवं 500 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। अब तक 32 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं 86 संदिग्धों की तस्वीरें जारी कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

उधर भाजपा जिला मंत्री बालेंदु झा ने डिप्टी मेयर नाजिया हसन पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह पहले भी विवादित बयान देती रही हैं और इस बार भी प्रदर्शन के दौरान उनकी भूमिका संदिग्ध रही। उन्होंने कहा कि पत्रकारों और पुलिसकर्मियों पर हुए हमले को देखते हुए नाजिया हसन की शीघ्र गिरफ्तारी होनी चाहिए।

वहीं सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि डिप्टी मेयर नाजिया हसन के विरुद्ध भी नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि अब तक 32 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है तथा मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वायरल वीडियो समेत सभी उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Join us on: