कटिहार-मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में निर्मित अर्धनिर्मित हथियार व उपकरण समेत बदमाश गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – प्रिंस कुमार!

कटिहार में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, हथियार बनाने का पूरा जखीरा बरामद
बरारी थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना पर छापेमारी, एक आरोपी गिरफ्तार; भारी मात्रा में देसी हथियार, अधनिर्मित कट्टे और निर्माण उपकरण जब्त

कटिहार पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संचालित एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। कटिहार जिला के बरारी थाना क्षेत्र के सजापुर गांव के पास बांसबिट्टा स्थित एक टीन के मकान में चल रही इस फैक्ट्री पर छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार, अधनिर्मित कट्टे, हथियार बनाने के उपकरण और मशीनें बरामद की हैं। इस दौरान मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
कोढ़ा पुलिस अनुमंडल के डीएसपी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि बरारी थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि सजापुर गांव में अवैध हथियार निर्माण का धंधा चल रहा है। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी गई, जिसके निर्देश पर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की चारों ओर से घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से भागने की कोशिश कर रहे मो. रजाउल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अवैध हथियार निर्माण की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक बड़ी दोनाली बंदूक, चार देसी कट्टे, एक अधनिर्मित कट्टा, तीन अधनिर्मित देसी कट्टे, कट्टे की बैरल, ट्रिगर, बॉडी, लोहे का फरसा, खोखे, मोटर लेथ मशीन और एक मोबाइल फोन सहित हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए। बरामद सामान से स्पष्ट है कि यहां संगठित तरीके से अवैध हथियार तैयार किए जा रहे थे। डीएसपी ने बताया कि बरारी थाना में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध हथियार फैक्ट्री का नेटवर्क किन-किन जिलों तक फैला हुआ था तथा तैयार हथियारों की सप्लाई किन अपराधियों और गिरोहों तक की जा रही थी।
पुलिस इस पूरे रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय अवैध हथियार तस्करों और अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Join us on: