रिपोर्ट- संतोष तिवारी!
नीट पेपर लीक के खिलाफ शहर में विद्यार्थियों ने किया प्रदर्शन, सड़क पर उमड़ा छात्रों-युवाओं का हुजूम, खदेड़ती रही पुलिस,
कल्याणी पर जुटी भीड़, कलेक्ट्रेट में तोड़फोड़, पांच घंटे चला हंगामा
बिहार/मुजफ्फरपुर
नीट पेपर लीक के खिलाफ गुरुवार को शहर में बड़ा प्रदर्शन हुआ। सोशल मीडिया पर कॉल के बाद कल्याणी चौक पर बड़ी संख्या में युवा और छात्र जुटे और वहां से जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट गेट पर तोड़फोड़ करने वालों को पुलिस ने लाठी चटका कर खदेड़ा। करीब पांच घंटे तक जमकर हंगामा चलता रहा।
शाम चार बजे शहर के अलग-अलग इलाकों से युवाओं का समूह निकलकर क्लब रोड पर इकट्ठा हुआ। यहां से जुलूस निकालकर नारेबाजी करते हुए कल्याणी की ओर बढ़े। रास्ते में अलग-अलग मोहल्लों से आए युवाओं का समूह इसमें शामिल होता चला गया। कल्याणी चौक पर पहुंचते-पहुंचते भीड़ काफी बढ़ गई। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और पेपर लीक बंद करो के नारे लगा रहे थे। कल्याणी चौक पर शाम छह बजे तक नारेबाजी और प्रदर्शन करते रहे। इसके बाद यहां से मोतीझील व सदर अस्पताल होकर जुलूस कलेक्ट्रेट पहुंचा। मोतीझील में दुकानें बंद कराई। डीएम से मिलने को मांग करते हुए युवा कलेक्ट्रेट गेट के सामने सड़क पर बैठ गए। कुछ देर बाद डीएम कुमार गौरव और एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा उनसे मिलने आए। राज्यपाल और राष्ट्रपति के नाम तीन सूत्री मांगों वाला ज्ञापन डीएम को सौंपकर युवाओं का एक समूह वहां से लौट गया। इसके बाद युवाओं का दूसरा हुजूम कलेक्ट्रेट पहुंचा।
पांच घंटे बाद स्थिति नियंत्रण में
: प्रदर्शन का सिलसिला लगभग शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक जारी रहा। भारी संख्या में पुलिस बल और वरीय अधिकारियों के पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रण में आई। पुलिस ने इलाके में फ्लैग मार्च किया। इसके बाद युवाओं की भीड़ ऑटो व अन्य वाहनों से लौटने लगी।



