भोजपुर- करंट की चपेट में आने से देवर भाभी की एक साथ मौत, मचा चित्कार!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां बिजली के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से देवर-भाभी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दुलौर डीह और बहुआरा बाधार के बीच खेत की है। बताया जाता है कि मुंगौल गांव वार्ड संख्या-13 निवासी 23 वर्षीय साहुल कुमार खेत में धान का बिचड़ा डाल रहा था। इसी दौरान खेत में पहले से टूटा पड़ा हाई टेंशन बिजली का तार उसकी चपेट में आ गया, जिससे वह मौके पर ही तड़पने लगा।
उसी समय रास्ते से गुजर रही उसकी भाभी 46 वर्षीय बसंती कुंवर उसे बचाने के लिए दौड़ीं। लेकिन जैसे ही उन्होंने साहुल को बचाने का प्रयास किया, वह भी करंट की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक साहुल कुमार, हरवंश यादव के पुत्र थे। उनकी शादी करीब छह महीने पहले पूजा कुमारी से हुई थी। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। वहीं मृतका बसंती कुंवर, स्वर्गीय वीर बहादुर सिंह की पत्नी थीं। उनके परिवार में 14 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार और 9 वर्षीय पुत्री लखा कुमारी हैं। दोनों के बीच गांव में देवर-भाभी का रिश्ता था।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची जगदीशपुर थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
एक ही पल में देवर और भाभी की मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। छह महीने पहले बसी एक नई गृहस्थी उजड़ गई, वहीं दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया भी उठ गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Join us on: