सुपौल- मध्याह्न भोजन खाने के बाद 50 से अधिक बच्चे बीमार,मचा हड़कंप!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- जिले के त्रिवेणीगंज अनुमंडल अंतर्गत राजकीय मध्य विद्यालय, मिर्जवा में बुधवार को मध्याह्न भोजन करने के बाद 50 से अधिक छात्र-छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और घबराहट की शिकायत होने लगी, जिससे स्कूल परिसर और अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
शुरुआत में करीब दो दर्जन बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली थी, लेकिन कुछ ही देर में प्रभावित बच्चों की संख्या बढ़कर 50 से अधिक हो गई। सभी बच्चों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, त्रिवेणीगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ अभिषेक कुमार, एसडीपीओ विभाष कुमार, त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार अस्पताल पहुंचे और बच्चों की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने चिकित्सकों से इलाज की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी चिकित्सक, एएनएम, जीएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मी बच्चों के उपचार में जुटे हैं। अधिकांश बच्चों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है, हालांकि एहतियात के तौर पर सभी को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद अस्पताल में बच्चों के परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रशासन ने परिजनों से शांत रहने और उपचार में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति सामान्य है। मामले की जांच के लिए एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Join us on:

और पढ़ें