रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के जयनगर से लगने वाली भारत- नेपाल सीमा पर अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 48 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर की डी समवाय, बाह्य सीमा चौकी अखराघाट के जवानों ने एक सफल कार्रवाई करते हुए 99 लीटर नेपाली शराब एवं एक मोबाइल फोन बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। प्राप्त विश्वसनीय आसूचना के आधार पर बीओपी अखराघाट के कमांडर द्वारा तत्काल एक विशेष नाका पार्टी का गठन किया गया। सभी जवानों को आवश्यक ब्रीफिंग देने के उपरांत सीमा स्तंभ संख्या 291/14 के निकट लगभग 200 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में नाका स्थापित कर सघन निगरानी शुरू की गई।
लगभग 04:39 बजे नेपाल की ओर से एक संदिग्ध व्यक्ति भारतीय सीमा की ओर आता दिखाई दिया। नाका पार्टी ने सतर्कता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे चारों ओर से घेरकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 330 बोतल नेपाल निर्मित शराब, प्रत्येक बोतल 300 मि.ली., कुल 99 लीटर तथा एक ओप्पो लाल रंग की मोबाइल फोन बरामद किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि बरामद शराब नेपाल से भारत में अवैध रूप से लाकर आगे स्थानीय स्तर पर आपूर्ति की जानी थी। मामले के अग्रिम एवं पश्चगामी लिंक के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
बरामद नेपाल निर्मित शराब, मोबाइल फोन तथा गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना साहरघाट को सुपुर्द कर दिया गया है।
कमांडेंट राजेन्द्र कुमार 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने कहा है कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए सशस्त्र सीमा बल निरंतर सतर्क है तथा बिहार पुलिस एवं अन्य प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई कर रही है। सीमा पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को सफल नहीं होने दिया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




