बेतिया – पुलिस बनकर ठगों ने महिला से सोने की चेन उड़ाई, जांच में जुटी पुलिस!

SHARE:

रिपोर्ट- मनोज कुमार!

खबर पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां बेतिया में पुलिस बनकर ठगों ने महिला से सोने की चेन उड़ाई, जांच में जुटी पुलिस
बेतिया। पश्चिम चंपारण के बेतिया शहर में पुलिस के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। सिविल ड्रेस में आए दो बाइक सवार बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला से सोने की चेन ठग ली और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या 14 निवासी वर्षा कुमारी लाल बाजार से मीना बाजार होते हुए अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान राज स्कूल के पूर्वी गेट के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि आगे वाहन जांच चल रही है और सुरक्षा के लिए सोने की चेन उतारकर पर्स में रख लें। महिला उनके झांसे में आ गई।
बदमाशों ने चेन देखने के बहाने उसे अपने हाथ में लिया और देखते ही देखते अवंतिका चौक की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गए। ठगी का एहसास होने पर महिला ने नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति की बातों में आकर अपने गहने या कीमती सामान किसी को न सौंपें।

Join us on: