रिपोर्ट- संतोष चौहान!
सुपौल सदर थाना क्षेत्र के चैनसिंहपट्टी वार्ड संख्या-2 में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में धान के खेत (चउर) में पड़ा मिला। मृतक की पहचान नथनी सादा के पुत्र डोमा सादा (25) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात डोमा सादा घर से यह कहकर निकला था कि वह मछली पकड़ने जा रहा है। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह गांव की कुछ महिलाएं धान की रोपनी के लिए खेत पहुंचीं तो उन्होंने चउर में एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर पहचान करने पर वह डोमा सादा निकला। इसकी सूचना तत्काल परिजनों और ग्रामीणों को दी गई।
परिजन मौके पर पहुंचे तो युवक की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
डोमा सादा परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक और दहशत का माहौल है।
सदर थानाध्यक्ष राम सेवक रावत ने बताया कि युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया गया है। प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति या आपराधिक तथ्य सामने आते हैं तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



