रिपोर्ट – संतोष तिवारी!
मुजफ्फरपुर में 2 हजार रुपए के विवाद में चचेरे भाई की पीट-पीटकर भाई की हत्या, 4 साल पहले हुई थी शादी; आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर जिले के रहीमपुर रक्सा गांव में महज दो हजार रुपये के लेन-देन के विवाद ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। गुरुवार शाम चचेरे भाई ने 32 वर्षीय संजय पासवान की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी सीताराम पासवान उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुबह शुरू हुआ विवाद, शाम को हत्या
पुलिस और ग्रामीणों के अनुसार संजय पासवान और उसका चचेरा भाई सीताराम पासवान उर्फ राजा गुरुवार सुबह गांव के चौर में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान सीताराम ने संजय से दो हजार रुपये मांगे। रुपये नहीं देने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई और आरोपी ने संजय की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
भागने से पहले दबोचा गया आरोपी
हत्या के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया।
चार साल पहले हुई थी शादी
संजय पासवान की शादी चार वर्ष पहले हुई थी। उसकी कोई संतान नहीं थी। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
एसडीपीओ ने क्या कहा
एसडीपीओ मनोज कुमार ने बताया कि रहीमपुर रक्सा गांव में भाई द्वारा भाई की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पैसे के विवाद की बात सामने आई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।




