गयाजी- 3 सौ फ़ीट गहरे बोरबेल में गिरा मासूम, 35 फ़ीट पर अटका, रेस्क्यू में जुटी प्रशासन की टीम!

SHARE:

रिपोर्ट- अभिषेक कुमार!

गयाजी- गया जिले के फतेहपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 3 साल का मासूम पीयूष कुमार खेलते-खेलते 300 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया. बच्चा 35 फीट की गहराई में फंसा है और प्रशासन द्वारा सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गयी है और बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. गांव वालों के मुताबिक, गांव में नल-जल योजना के तहत एक ठेकेदार ने करीब 300 फीट गहरी बोरिंग करायी थी. जब इसमें से पानी नहीं निकला, तो गड्ढे को सुरक्षित तरीके से बंद करने के बजाय उसके मुंह पर सिर्फ एक प्लास्टिक का बोरा रख दिया गया. वहां सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं था, जिससे यह पता ही नहीं चल रहा था कि वहां इतना गहरा गड्ढा है.

गुरुवार की शाम मासूम पीयूष खेलते हुए वहां पहुंचा. जैसे ही उसने बोरे पर पैर रखा, बोरा अंदर धंस गया और वह सीधे बोरवेल में जा गिरा. बच्चे को जिंदा रखने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहपुर से तुरंत ऑक्सीजन सिलिंडर मंगाये गये.

फिलहाल पाइप के जरिये बोरवेल के अंदर बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचायी जा रही है और उसे बाहर निकालने के लिए हर तकनीकी उपाय किया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि अगर ठेकेदार ने नियम के मुताबिक बोरवेल को ठीक से बंद किया होता, तो आज यह मासूम जिंदगी और मौत के बीच नहीं जूझ रहा होता.

घटना की सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया. उनके निर्देश पर अंचल अधिकारी, फतेहपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, फतेहपुर तथा थानाध्यक्ष, फतेहपुर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य का नेतृत्व कर रहे हैं.

बच्चे की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बोरवेल के भीतर पाइप के माध्यम से लगातार ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उसे पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती रहे. जिला प्रशासन द्वारा चिकित्सकीय सहायता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी मौके पर सुनिश्चित की गई हैं.

Join us on: