रिपोर्ट – बिकास कुमार
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, एडीएम बोले—मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई
सहरसा।
सहरसा जिला आपूर्ति कार्यालय में पदस्थापित आपूर्ति पदाधिकारी का कार्यालय में कुर्सी पर सोते हुए कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिकायतकर्ता ने सरकारी कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है, जबकि अधिकारी कार्यालय समय में आराम फरमाते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में आपूर्ति पदाधिकारी अपने कार्यालय कक्ष में कुर्सी पर आंखें बंद कर सोते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, मैं या मेरा अखबार इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि राशन कार्ड, जन वितरण प्रणाली और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें समय पर अधिकारी नहीं मिलते। उनका कहना है कि इस तरह की कार्यशैली से आम जनता परेशान होती है। इस संबंध में पूछे जाने पर एडीएम ने कहा कि वायरल वीडियो और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में लापरवाही या कर्तव्य में कोताही की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि प्रशासन ने जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।



