खगड़िया जिले के मानसी, चौथम एवं बेलदौर में राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का होगा शुभारंभ!

SHARE:


रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया

15 जुलाई को मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से होगा उद्घाटन, जिले में भी होगा सीधा प्रसारण
उच्च शिक्षा को प्रत्येक प्रखंड तक पहुँचाने की दिशा में बिहार सरकार की महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत दिनांक 15 जुलाई 2026 को राज्य के नवस्थापित 211 राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में स्नातक सत्र का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा भागलपुर से वर्चुअल माध्यम (वीसी) के जरिए राज्यभर के महाविद्यालयों का शुभारंभ किया जाएगा।
इसी क्रम में खगड़िया जिले के मानसी, चौथम एवं बेलदौर प्रखंडों में स्थापित नव राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में भी शैक्षणिक गतिविधियों का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम का जिले में सजीव प्रसारण किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, शिक्षाविद, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक सहभागिता करेंगे।
जिलाधिकारी श्री विक्रम विरकर ने बताया कि कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि उद्घाटन कार्यक्रम का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि इन नए महाविद्यालयों के प्रारंभ होने से जिले के विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को अपने ही प्रखंड में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी तथा विद्यार्थियों का समय एवं आर्थिक व्यय दोनों की बचत होगी।
यह पहल राज्य सरकार की “प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उच्च शिक्षा का दायरा और अधिक व्यापक एवं सुलभ बनेगा।

Join us on: