संवाददाता :- विकास कुमार!
सहरसा जिले के सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के मनोरी साह टोला में हुए रूपेश साह हत्याकांड का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार यह हत्या प्रेम प्रसंग के कारण की गई थी। मामले में पुलिस ने आरोपी दंपती अशोक साह उर्फ कैला और उसकी पत्नी वीणा देवी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने प्रेस वार्ता में बताया कि घटना के बाद गठित विशेष अनुसंधान टीम ने मृतक के मोबाइल के सीडीआर, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य परिस्थितिजन्य प्रमाणों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। आरोपी की निशानदेही पर मनोरी गांव के समीप स्थित एक तालाब से मृतक का क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। बता दें कि 10 जुलाई की सुबह रूपेश साह का शव उनके घर से करीब 40 मीटर दूर एक गोशाला में मिला था। शव पर गंभीर चोट के निशान थे और मोबाइल फोन गायब था। पुलिस ने एफएसएल टीम की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की थी। फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
BYTE :- एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर



