अवर निरीक्षक मद्य निषेध के लिये बेगूसराय में 15 परीक्षा केंद्रों पर 12 जुलाई को एग्जाम, तैयारी पुरी!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग, पटना द्वारा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में “अवर निरीक्षक मद्य निषेध” के पदों पर नियुक्ति हेतु आयोजित प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा के स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जिलाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनीष द्वारा संयुक्त आदेश जारी कर सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया गया है। यह परीक्षा दिनांक 12 जुलाई 2026 (रविवार) को जिले के 15 परीक्षा केन्द्रों पर एक पाली में आयोजित होगी। परीक्षार्थियों का प्रवेश पूर्वाह्न 09:30 बजे से 10:30 बजे तक होगा, जबकि परीक्षा पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक संचालित की जाएगी। स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि पूर्वाह्न 10:30 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा परीक्षा समाप्ति से पूर्व किसी को भी केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।

परीक्षा में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर जैमर, सीसीटीवी सर्विलांस, बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट एवं डिजिटल फोटोग्राफी की व्यवस्था की गई है। साथ ही प्रश्न-पत्र के सील खुलने से लेकर उत्तर-पुस्तिकाओं/ओएमआर शीट के पैक होने तक की संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। परीक्षा केन्द्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच अथवा किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे किसी भी उपकरण के साथ पकड़े जाने पर संबंधित अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द करते हुए नियमानुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

विधि-व्यवस्था एवं कदाचार-नियंत्रण के मद्देनजर प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी-सह-प्रेक्षक एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो परीक्षा प्रारंभ होने से दो घंटे पूर्व अपने-अपने केन्द्रों पर उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त जोनल दंडाधिकारी-सह-समन्वय प्रेक्षक एवं उड़नदस्ता दल लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा संचालन की निगरानी करेंगे। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के माध्यम से कराई जाएगी। परीक्षा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु परीक्षा केन्द्रों के आसपास बीएनएसएस की धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू की जाएगी तथा आसपास के फोटोकॉपी प्रतिष्ठानों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

परीक्षा के सफल संचालन हेतु कारगिल विजय सभा भवन, बेगूसराय में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केन्द्राधीक्षकों की एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग की गई, जिसमें आवश्यक निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केन्द्र पर समय से पहुंचें, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन में प्रशासन का सहयोग करें।

Join us on: