:- रवि शंकर अमित!
बिहार सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए।
जनता दरबार में कुल 62 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन, अतिक्रमण, राजस्व प्रशासन से जुड़े मामले तथा अन्य विभागीय शिकायतें शामिल रहीं। जिला पदाधिकारी ने सभी आवेदनों का क्रमवार अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद एवं विश्वास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा, ताकि शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निष्पादन हो सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा आवेदकों को कार्रवाई की प्रगति से भी अवगत कराया जाए। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।




