दरभंगा में गन्ना क्षेत्र विस्तार का ‘मेगा प्लान’, मिलों को पर्याप्त गन्ना दिलाने के लिए चलेगा सघन अभियान!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

दरभंगा में गन्ना क्षेत्र विस्तार का ‘मेगा प्लान’, मिलों को पर्याप्त गन्ना दिलाने के लिए चलेगा सघन अभियान

सकरी और रैयाम चीनी मिलों की तस्वीर बदलने की तैयारी, दरभंगा में गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए चार विभागों ने झोंकी ताकत

गन्ना किसानों की आमदनी बढ़ाने का लक्ष्य, दरभंगा में अधिकारियों को खेत तक जाकर तुरंत समस्याएं सुलझाने का निर्देश

पटनाः 8 जुलाई 2026

राज्य सरकार के स्पष्ट निर्देशों के आलोक में, सकरी और रैयाम में खुल रही नई चीनी मिलों को पर्याप्त गन्ना उपलब्ध कराने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए दरभंगा जिला प्रशासन ने एक बड़ी रणनीति तैयार की है। सरकार का सीधा और स्पष्ट लक्ष्य है कि किसानों को गन्ने की लाभकारी खेती के लिए प्रेरित किया जाए। इसी कड़ी में राज्य सरकार द्वारा मिलों को पर्याप्त गन्ने की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ‘गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान 2026’ चलाने का निर्देश दिया गया है।

राज्य स्तर पर हो चुकी है उच्चस्तरीय बैठक

दरभंगा में इस महाभियान की शुरुआत से पूर्व, राज्य स्तर पर 2 जुलार्इ को गन्ना उद्योग विभाग के सचिव श्री धर्मेंद्र सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुर्इ है। बैठक में सचिव ने जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर अभियान समितियों को सक्रिय करने तथा किसानों को गन्ना खेती के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को खेती से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं, तकनीकी मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए।
डीएम की अध्यक्षता में आज हुई बैठक में तय हुई रूपरेखा

राज्य सरकार और गन्ना उद्योग विभाग के सचिव द्वारा दिए गए इन्हीं निर्देशों को धरातल पर उतारने के लिए, आज दरभंगा के जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं गन्ना उद्योग विभाग के सहायक निदेशक (र्इख विकास) उपस्थित रहे। इस बैठक में सकरी एवं रैयाम चीनी मिल क्षेत्रों में गन्ने की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। मूल बैठक में सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से किसानों की मदद के लिए पूरी तरह तत्पर रहने को कहा गया है।
चार स्तरों पर अभियान समिति की महत्वपूर्ण भूमिका

इस अभियान को युद्धस्तर पर और सुचारू रूप से चलाने के लिए चार अलग-अलग स्तरों (राज्य स्तर, जिला स्तर, प्रखंड स्तर और पंचायत स्तर) पर समितियों का गठन किया गया है।
इस पूरी रूपरेखा में आपसी समन्वय स्थापित करने के लिए गन्ना उद्योग विभाग, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को शामिल किया गया है। इस अभियान के तहत जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं गन्ना उद्योग विभाग के सहायक निदेशक (र्इख विकास) अपनी भूमिका निभाते हुए गन्ना उद्योग विभाग के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ सीधा समन्वय स्थापित करेंगे। वे एक सघन अभियान चलाते हुए गन्ना क्षेत्र का विस्तार कराएंगे और किसानों को प्रेरित करेंगे कि वे अधिक से अधिक संख्या में गन्ने की खेती से जुड़ें।
खेतों तक पहुंचेंगे अधिकारी, मौके पर सुलझाएंगे समस्या

इस योजना का मुख्य आधार किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, जिसके लिए जमीनी स्तर पर काम शुरू होगा। अब पंचायत और प्रखंड स्तर पर तैनात अधिकारी एवं कर्मी सीधे किसानों के घर और खेतों तक पहुंचेंगे। वे किसानों को गन्ने की उन्नत खेती की तकनीक और लाभकारी सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता फैलाई जाएगी। सबसे अहम बात यह है कि फसल लगाने या बीज-खाद के दौरान किसानों को आने वाली किसी भी अड़चन को अधिकारी मौके पर ही दूर करेंगे।
सरकार और जिला प्रशासन को पूरा भरोसा है कि इन चारों विभागों के साझा प्रयास, सघन जन-जागरूकता, नियमित बैठकों और समय पर तकनीकी मदद मिलने से दरभंगा में किसान गन्ने की खेती के प्रति तेजी से आकर्षित होंगे। इससे न सिर्फ नई खुल रही चीनी मिलों को संजीवनी मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी।

Join us on: