दिनदहाड़े लाखों के जेवर की चोरी, ग्राहक बनकर पहुंचीं चार महिलाएं; वारदात सीसीटीवी में कैद!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय

भोजपुर जिले के गड़हनी बाजार स्थित शृंगार मार्केट में रविवार की दोपहर एक ज्वेलरी दुकान से करीब 3.50 लाख रुपये मूल्य के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के ॐ ज्वेलर्स की है, जहां चार महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचीं और दुकानदार को बातों में उलझाकर लाखों के गहने लेकर फरार हो गईं। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, चारों महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचीं और दुकानदार से विभिन्न प्रकार के गहने दिखाने को कहा। दुकानदार जब एक-एक कर आभूषण दिखाने में व्यस्त था, तभी उनमें से एक महिला ने चालाकी से कुछ जेवर अपने झोले में रख लिए। इसके बाद सभी महिलाएं बिना किसी संदेह के दुकान से निकल गईं।

कुछ देर बाद जब दुकानदार ने गहनों का मिलान किया तो कई जेवर गायब मिले। शक होने पर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक महिला गहने देखने के दौरान उन्हें अपने झोले में रख रही है और बाद में अन्य महिलाओं के साथ आराम से दुकान से निकल जाती है।

पीड़ित दुकानदार जितेंद्र बाबू, निवासी गड़हनी थाना क्षेत्र, ने इस मामले में चरपोखरी थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में उन्होंने बताया है कि घटना रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई और चोरी हुए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपये है।

दुकानदार ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी गए जेवरों की बरामदगी तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित महिलाओं की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: