दरभंगा- दर्दनाक सड़क हादसा: टाइल्स मिस्त्री की मौत,दो घायल!

SHARE:

रिपोर्ट – लक्ष्मण कुमार

दरभंगा:-जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पतोर थाना क्षेत्र के अकबरपुर निवासी मो सनाउल्लाह उर्फ सोनू की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना लहेरियासराय–बहेड़ी मुख्य सड़क पर निमैठी चौक के समीप आर.के. लाइन होटल के पास हुई। मो सनाउल्लाह उर्फ सोनू टाइल्स लगाने का काम करते थे और काम समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि सोनू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों के अलग-अलग बयान सामने आए हैं।
हादसे में घायल दो अन्य युवकों की पहचान मो सलीम और मो खुर्शीद के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों चिल्हा दिलावरपुर से काम कर लौट रहे थे। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।
मृतक मो सनाउल्लाह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। परिवार में शादी योग्य चार बहनें और एक छोटा भाई है। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी शोक की लहर है।
घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ी थाना प्रभारी सूरज गुप्ता, जिला परिषद प्रतिनिधि एवं जदयू नेता कमलेश मंडल तथा पंचायत समिति सदस्य अब्दुल कादिर मौके पर पहुंचे। सभी ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और सरकार से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
इस दौरान कमलेश मंडल ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और पूरी सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
फिलहाल बहेड़ी थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। वहीं स्थानीय लोगों ने सरकार से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा एवं हरसंभव आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।आवेदन मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: