रिपोर्ट – सुमित कुमार!
-बढ़ते अपराध, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ राजद का धरनासरकार नहीं चेती तो होगा राज्यव्यापी उग्र आंदोलन, सड़क से सदन तक उठाएंगे जनता की आवाज : राजद
मुंगेर: बिहार में बढ़ते अपराध, महंगाई, बेरोजगारी तथा कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल की ओर से बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक के समीप एकदिवसीय धरना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस धरना में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाग लिया। धरना स्थल पर कार्यकर्ता संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर के साथ शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों के समर्थन में बैठे रहे तथा राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना कार्यक्रम का नेतृत्व राजद जिलाध्यक्ष संजय कुमार बिंद एवं धरना प्रभारी पी.के. चौधरी ने किया, जबकि मुख्य प्रभारी के रूप में आकाशदीप मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि बिहार में अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। आम जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है, जबकि सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
धरना को संबोधित करते हुए मुख्य प्रभारी आकाशदीप ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और बढ़ती महंगाई ने गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। इसके साथ ही राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और हत्या, लूट तथा अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।उन्होंने हाल के दिनों में मुजफ्फरपुर में एक स्वर्ण व्यवसायी की दिनदहाड़े हत्या की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने यह भी कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस तक सुरक्षित नहीं है। ऐसे हालात सरकार की प्रशासनिक विफलता को दर्शाते हैं।
आकाशदीप ने कहा कि यदि सरकार ने जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में गंभीर पहल नहीं की तो पार्टी राज्यव्यापी उग्र आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि राजद सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का काम करेगा।
वहीं राजद नेता मुकेश यादव ने कहा कि राज्य के लाखों युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन सरकार रोजगार सृजन की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और जनसमस्याओं के खिलाफ राजद का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेंगे।
धरना कार्यक्रम में पूर्व सांसद विजय कुमार विजय, प्रमोद यादव, पंकज यादव, संजय पासवान, अरविंद कुमार सहित बड़ी संख्या में राजद नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




