बेगूसराय-साइबर बदमाश गिरफ्तार, लड़कियों की तस्वीरों के साथ AI से आपत्तिजनक बनाकर करता था ब्लैकमेल!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित/बबलू राय!

बेगूसराय साइबर थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया पर लड़कियों की तस्वीरें डाउनलोड कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई की मदद से उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो तैयार करता था। इसके बाद उन्हीं तस्वीरों के जरिए लड़कियों और उनके परिजनों को ब्लैकमेल कर पैसे की वसूली करता था। पुलिस ने आरोपी को पटना से गिरफ्तार किया है। उसके मोबाइल से 200 से अधिक नाबालिग लड़कियों की एआई जनरेटेड अश्लील तस्वीरें और वीडियो बरामद हुए हैं। आपको बताते चले कि बेगूसराय साइबर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जहां साइबर थाना के पुलिस ने पटना के खांजेकला इलाके से 20 वर्षीय कुमार सांकृत को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वह फेसबुक और इंस्टाग्राम से लड़कियों की सामान्य तस्वीरें डाउनलोड कर एआई तकनीक की मदद से उन्हें आपत्तिजनक और अश्लील तस्वीरों में बदल देता था।पुलिस के अनुसार इसके बाद आरोपी उन तस्वीरों को संबंधित लड़कियों और उनके परिजनों को भेजकर ब्लैकमेल करता था और पैसे की मांग करता था। मामले का खुलासा तब हुआ जब बेगूसराय की एक पीड़िता की मां ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर मामला दर्ज किया गया और तकनीकी जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस आरोपी तक पहुंची और रविवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। हालांकि उसने कितनी लड़कियों को निशाना बनाया और कितने लोगों से वसूली की, इसका खुलासा बैंक खातों की जांच के बाद होगा।साइबर डीएसपी इमरान अहमद ने बताया कि आरोपी के मोबाइल की जांच में 200 से अधिक नाबालिग लड़कियों की एआई जनरेटेड न्यूड तस्वीरें और वीडियो मिले हैं। इसके अलावा कई व्हाट्सएप ग्रुप भी मिले हैं, जिनमें इन तस्वीरों को साझा किया जाता था। पुलिस अब उन ग्रुपों से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने बेगूसराय की एक पीड़िता से डराकर करीब 20 हजार रुपये की वसूली की थी। रकम जिस बैंक खाते में ट्रांसफर कराई गई, वह खाता भी आरोपी के नाम पर ही पाया गया है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और पोक्सो एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया सुरक्षा और एआई तकनीक के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। साइबर पुलिस ने अभिभावकों और युवाओं से सोशल मीडिया प्रोफाइल को प्राइवेट रखने, अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करने और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत साइबर थाना से संपर्क करने की अपील की है।

बाइट – इमरान अहमद, साइबर डीएसपी, बेगूसराय

Join us on: