आरा/आशुतोष पाण्डेय
आरा। रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन आरा रेलवे स्टेशन की तस्वीरें इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही हैं। रविवार को प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भारी भीड़ के बीच एक गाय खुलेआम घूमती रही। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर सुरक्षा बल और रेलवे कर्मी मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी पशु को प्लेटफॉर्म से हटाने की पहल नहीं की।
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि भर्ती परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों समेत बड़ी संख्या में यात्री प्लेटफॉर्म पर मौजूद हैं। इसी बीच गाय यात्रियों के बीच से बेखौफ होकर गुजरती रही। ऐसे में किसी भी समय भगदड़, धक्का-मुक्की या दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
यात्रियों का कहना है कि प्लेटफॉर्म पर आवारा पशुओं का प्रवेश रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। यदि अचानक गाय बिदक जाती या ट्रैक की ओर चली जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन परिसर में आवारा पशुओं के प्रवेश पर रोक लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल यह तस्वीर रेलवे की लापरवाही और यात्रियों की सुरक्षा के प्रति उदासीन रवैये को उजागर कर रही है।



