भाजपा जिला बैठक संपन्न, संगठन की मजबूती एवं मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!


बेगूसराय। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा ने की। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता विस्तार, बूथ सशक्तिकरण तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री श्रीमती प्रीति शेखर ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त संगठनात्मक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है। भाजपा की कार्यशैली सामूहिक नेतृत्व, अनुशासन, सेवा, समर्पण एवं सतत जनसंपर्क पर आधारित है। प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और पार्टी की नीतियों एवं विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का दायित्व निभाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जिसकी सफलता का आधार कार्यकर्ताओं की निष्ठा और परिश्रम है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आगामी संगठनात्मक अभियानों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों को लेकर उन्होंने विस्तृत दिशा-निर्देश देते हुए सभी मंडलों एवं बूथ समितियों को सक्रिय करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और संगठन की भावना के साथ समाज के बीच कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश मंत्री सुनील राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और किसानों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अंत्योदय के संकल्प को साकार करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। प्रदेश मंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर जन-जागरण अभियान चलाने पर भी चर्चा की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी की नीतियों एवं सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
बैठक में भाजपा नेता कृष्णमोहन पप्पू,जिला महामंत्री राकेश पांडेय, कुंदन भारती,रामप्रवेश सहनी,जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार, विकास कुमार, मृत्युंजय कुमार वीरेश, सुनील कुमार मुन्ना, राकेश रौशन,सुमित सुनी,जिला मंत्री शुभम कुमार, पल्लवी कुशवाहा, युवा मोर्चा अध्यक्ष शशांक शेखर,किसान मोर्चा अध्यक्ष सीताराम सिंह,महिला मोर्चा अध्यक्ष डॉ रेखा राम सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Join us on: