आरा/आशुतोष पाण्डेय
आरा। मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर रविवार को पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन पर अभ्यर्थियों के हंगामे और ट्रेनों में तोड़फोड़ की घटना के बाद आरा जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। रेलवे प्रशासन और आरपीएफ द्वारा स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म तथा आने-जाने वाली ट्रेनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पोर्टिको और प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर आने वाले यात्रियों को पश्चिम दिशा की ओर पहले निकाला जा रहा है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और स्टेशन परिसर में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
गौरतलब है कि रविवार सुबह पाटलिपुत्र स्टेशन पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने ट्रेनों में पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। इस दौरान कई छात्र रेलवे ट्रैक पर उतर गए, जिससे रेल परिचालन प्रभावित हुआ। कुछ स्थानों पर पथराव तथा परीक्षा स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ की भी सूचना मिली है।
रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा यात्रियों और अभ्यर्थियों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की गई है।



