रिपोर्ट – अमित कुमार!
पटना/मसौढ़ी: मसौढ़ी में शुक्रवार देर शाम अपहरण की एक घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान हुई फायरिंग में मसौढ़ी के प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार के पैर में गोली लग गई, जबकि एएसआई संजय सिंह के हाथ में गोली के छर्रे लगने से वे घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल थानाध्यक्ष राहुल कुमार को बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार, कार सवार करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर लिया था और उसे मनीचक धाम स्थित तालाब के पास से पश्चिम दिशा की ओर ले जा रहे थे। ग्रामीणों ने जब विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने हथियार दिखाकर उन्हें धमका दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से करीब एक दर्जन राउंड गोलियां चलीं। इसी दौरान प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार और एएसआई संजय सिंह घायल हो गए।मुठभेड़ के दौरान अफरा-तफरी का फायदा उठाकर अपहृत युवक बदमाशों के चंगुल से निकलकर पुलिस वाहन तक पहुंच गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित बचा लिया गया। युवक मसौढ़ी के संगतपर इलाके का निवासी बताया जा रहा है।पुलिस को आशंका है कि मामला ऑनलाइन मोबाइल खरीद-बिक्री से जुड़ा हो सकता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक मोबाइल बेचने के लिए बदमाशों के संपर्क में आया था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।घटनास्थल से पुलिस ने एक बाइक जब्त की है और दो से तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।सूत्रों के मुताबिक, पुलिसकर्मी सादे लिबास में मौके पर पहुंचे थे। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने उन्हें ग्रामीण समझकर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि इस बिंदु की भी पुलिस जांच कर रही है।




