सुपौल- बड़े पैमाने पर अवैध बालू-मिट्टी खनन का आरोप, ग्रामीणों ने की संयुक्त जांच और सख्त कार्रवाई की मांग!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के राम विशनपुर हुसैनाबाद इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध बालू और मिट्टी खनन किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भेंगा धार पुल से करीब 250 मीटर की दूरी पर लंबे समय से लगातार खनन जारी है, जिससे पर्यावरण और धार क्षेत्र की प्राकृतिक संरचना पर गंभीर खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि खनन माफियाओं ने केवल धार क्षेत्र ही नहीं, बल्कि वन विभाग की पूर्वी और पश्चिमी दिशा की भूमि पर भी कब्जा कर लिया है। आरोप है कि नियमों की अनदेखी करते हुए भारी मात्रा में बालू और मिट्टी की निकासी की जा रही है, जिससे इलाके का पारिस्थितिक संतुलन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार हो रहे इस अवैध खनन के कारण धार के किनारों पर कटाव बढ़ने की आशंका है। साथ ही क्षेत्र की प्राकृतिक संरचना को भी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर इस गतिविधि पर रोक लगाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो धार क्षेत्र के साथ-साथ वन विभाग की भूमि को भी गंभीर क्षति पहुंच सकती है। उन्होंने जिला प्रशासन, खनन विभाग और वन विभाग से संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर दोषियों की पहचान करने तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सुपौल के जिला खनन पदाधिकारी पुष्पा कुमारी ने बताया कि उन्हें शिकायत की जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि जांच के लिए टीम को मौके पर भेजा जाएगा और यदि जांच में अवैध खनन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, राघोपुर वन विभाग के प्रभारी रवि रंजन ने भी कहा है कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि वन विभाग की भूमि पर अतिक्रमण या अवैध खनन की पुष्टि होती है तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: