सुपौल- वीरपुर की दो बेटियों ने बढ़ाया सुपौल जिले का मान, राज्य एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन से जीते पदक!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान

सुपौल :- सपनों की उड़ान के लिए बड़े शहर नहीं, बल्कि मजबूत इरादों की जरूरत होती है। इसका बेहतरीन उदाहरण सुपौल जिले के वीरपुर की अंकिता कुमारी और शुक्राना परवीन ने पेश किया है। सीमित संसाधनों के बीच वर्षों की मेहनत और लगन का परिणाम यह रहा कि दोनों खिलाड़ियों ने 92 वीं बिहार राज्य एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया। पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 10 से 13 जून तक आयोजित प्रतियोगिता में शुक्राना परवीन ने शॉटपुट स्पर्धा में रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं अंकिता कुमारी ने रिले स्पर्धा में पदक जीतकर साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
इन दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि इनके पीछे संघर्ष की लंबी कहानी छिपी है। अंकिता के पिता संजय भगत किराना व्यवसाय से परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि शुक्राना के पिता ऑटो चलाकर घर संभालते हैं। आर्थिक चुनौतियां कभी भी इन बेटियों के हौसलों पर भारी नहीं पड़ सकीं और उन्होंने लगातार अभ्यास के दम पर सफलता की नई मिसाल पेश की।
खेलो इंडिया योजना के तहत वीरपुर स्टेडियम में शुरू हुआ इनका सफर अब राज्य स्तर तक पहुंच चुका है। हाल के दिनों में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयनित खिलाड़ियों में शामिल होने के बाद एकलव्य संस्था के मार्गदर्शन में उन्हें पेशेवर प्रशिक्षण मिला, जिसका असर अब मैदान में भी साफ दिखाई देने लगा है। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से वीरपुर ही नहीं, पूरे सुपौल जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि इन्हें लगातार बेहतर सुविधाएं और अवसर मिलते रहे तो आने वाले समय में ये राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं। इनकी सफलता उन तमाम ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखती हैं।

Join us on: