रिपोर्ट :- संतोष चौहान
सुपौल :- जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के अनुसार, रतौली पंचायत के जरोली वार्ड नंबर -15 की एक नाबालिग के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किए जाने की लिखित शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया था। जांच शुरू होते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि इस मामले में कुल तीन लोगों को नामजद किया गया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पीड़िता से आवश्यक पूछताछ के बाद उसका बयान न्यायालय में दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




