सिपाही भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़ा मुंगेर से जुड़े 107 आरोपी रडार पर, 15 गिरफ्तार, 90 से अधिक फरार!

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार!

मुंगेर। बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2025 में सामने आए बड़े फर्जीवाड़े की जांच अब तेज हो गई है। पटना पुलिस की जांच में इस संगठित परीक्षा घोटाले के तार मुंगेर जिले से जुड़े मिलने के बाद पटना और मुंगेर पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू कर दिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि परीक्षा धांधली और सॉल्वर गैंग से जुड़े कुल 107 आरोपी मुंगेर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। इनमें से अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 90 से अधिक आरोपी अभी भी फरार हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सिपाही भर्ती परीक्षा में कदाचार, फर्जी अभ्यर्थी बैठाने और संगठित परीक्षा माफिया गिरोह के संचालन को लेकर दर्ज मामलों की जांच के दौरान मुंगेर जिले के कई अभ्यर्थियों और संदिग्धों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पटना पुलिस ने 107 आरोपियों की सूची मुंगेर पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई का अनुरोध किया।
जानकारी के मुताबिक, गर्दनीबाग थाना कांड संख्या 160/25 में मुंगेर से जुड़े 45 आरोपी नामजद हैं, जबकि सचिवालय थाना कांड संख्या 76/2025 में 62 आरोपियों का संबंध मुंगेर जिले से बताया गया है। सूची मिलने के बाद मुंगेर पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी शुरू की, जिसके परिणामस्वरूप 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर पटना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पटना पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के आधार पर कार्रवाई जारी है। कई आरोपी न्यायालय से जमानत प्राप्त कर चुके हैं, जबकि शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी ने बताया कि यह मामला केवल नकल या परीक्षा में कदाचार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक संगठित परीक्षा माफिया नेटवर्क सक्रिय होने की आशंका है। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि कुछ गिरोह मोटी रकम लेकर अभ्यर्थियों को नौकरी दिलाने का झांसा देते थे और इसके लिए सॉल्वर गैंग, फर्जी अभ्यर्थी तथा तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड, सॉल्वर गैंग के सदस्यों और आर्थिक लेनदेन की भी गहन जांच कर रही है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से परीक्षा माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं को कदाचारमुक्त और पारदर्शी बनाने की दिशा में पुलिस की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

बाइट : सैयद इमरान मसूद, एसपी मुंगेर

Join us on: