रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार!
मोतिहारी -पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के सिरहा पंचायत वार्ड संख्या-9 निवासी सुरेंद्र भगत की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। शनिवार को उनका शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र भगत 1 जून को चेन्नई जाने के लिए घर से निकले थे। छपरा से ट्रेन पकड़कर यात्रा के दौरान महाराष्ट्र के हिंगणघाट के पास वह ट्रेन से गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना हिंगणघाट थाना पुलिस ने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य वहां पहुंचे और शव की पहचान की।
शनिवार दोपहर शव गांव पहुंचने पर अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। पत्नी चंदा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और तीन पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। परिवार की आजीविका मुख्य रूप से उनकी मजदूरी पर ही निर्भर थी।
ग्रामीणों ने बताया कि सुरेंद्र भगत मिलनसार और व्यवहार कुशल व्यक्ति थे। उनके असामयिक निधन से गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।




