आरा/आशुतोष पाण्डेय
आरा, 6 जून। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय (आरा) ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा (PAT-2025) के तहत चयनित अभ्यर्थियों के नामांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश जारी किया है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो राम कृष्ण ठाकुर ने इस संबंध में सभी स्नातकोत्तर विभागाध्यक्षों को पत्र भेजा गया है।
जारी पत्र के अनुसार PAT-2025 के अंतर्गत चयनित छात्र-छात्राओं के नामांकन की संपूर्ण प्रक्रिया जून 2026 तक हर हाल में पूरी करने को कहा गया है। साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक सत्र को नियमित एवं समयबद्ध बनाए रखने के उद्देश्य से 20 जून 2026 से कोर्स वर्क प्रारंभ करने का निर्देश दिया है।
परीक्षा नियंत्रक श्री ठाकुर ने विभागाध्यक्षों से अनुरोध किया है कि कोर्स वर्क के संचालन के लिए आवश्यक सभी प्रशासनिक एवं शैक्षणिक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करें, ताकि शोध कार्य निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आगे बढ़ सके।
विश्वविद्यालय के इस निर्णय से PAT-2025 के सफल अभ्यर्थियों को शोध कार्य शुरू करने का मार्ग प्रशस्त होगा तथा पीएचडी कार्यक्रम के सत्र संचालन में नियमितता आएगी।




