रिपोर्ट :- संतोष चौहान
सुपौल :- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा आगामी 09 जून को सभी प्रखंड मुख्यालयों तथा 17 जून को जिला मुख्यालय पर आयोजित एक दिवसीय धरना कार्यक्रम की सफलता को लेकर शनिवार को राजद जिला कार्यालय, सुपौल में तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संतोष सरदार ने की, जबकि संचालन जिला प्रधान महासचिव भूप नारायण यादव ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए कार्यक्रम प्रभारी एवं प्रदेश महासचिव धनिक लाल मुखिया ने कहा कि देश और राज्य की जनता महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था की विफलता से परेशान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से धरना कार्यक्रम को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवंटित सरकारी आवास खाली कराने एवं नेता प्रतिपक्ष परिवार की सुरक्षा में कटौती के निर्णय पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से जनता की मूल समस्याओं पर ध्यान देने की मांग की।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बैजनाथ मेहता ने कहा कि युवाओं के सामने रोजगार का गंभीर संकट है, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और गरीब तबका महंगाई की मार झेल रहा है। उन्होंने धरना कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष संतोष सरदार ने कहा कि राजद हमेशा जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर 09 एवं 17 जून के धरना कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्देश दिया।
बैठक में धरना कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारी एवं जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न प्रखंडों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति भी की गई। बैठक में रामनाथ मंडल, विद्याभूषण कुमार, लव यादव, मो० सैयुदुर्रहमान, संत राम, सोनी कुमारी, शिवेंद्र कामत, सुरेंद्र श्यामल, इरफान बिहारी, प्रभाकर प्रसाद, पंकज प्रियदर्शी, अनिल यादव, केशव कुमार, विजय कुमार यादव, सलीमा खातून, उमेश सरदार, नीतीश मुखिया, पप्पू कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में राजद नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
बैठक के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित धरना कार्यक्रम को पूरी ताकत के साथ सफल बनाया जाएगा।




