आरा/आशुतोष पाण्डेय
बिहिया थाना क्षेत्र के न्यू पंचायत भवन के समीप शुक्रवार की रात घटी घटना
आरा जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के बिहिया-कटेया मार्ग पर कटेया गांव स्थित न्यू पंचायत भवन के समीप शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार मजदूर को रौंद दिया। हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक बिहिया थाना क्षेत्र के कटेया गांव निवासी नागदेव पासवान का 25 वर्षीय पुत्र अवध कुमार पासवान है। इधर, मृतक के चचेरे भाई नितिन पासवान ने बताया कि वह रोज की तरह शुक्रवार की सुबह साइकिल द्वारा मजदूरी करने के लिए बिहिया गया था। शुक्रवार की रात मजदूरी कर जब वह वापस घर लौट रहा था। इसी बीच कटेया गांव स्थित न्यू पंचायत भवन के समीप अज्ञात वाहन उसे रौंद दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। रात में जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने शनिवार की सुबह उसकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान जब परिजन गांव में स्थित न्यू पंचायत भवन के पास गए तो देखा कि वह सड़क किनारे मृत अवस्था में पड़ा है। इसके पश्चात परिजनों इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। सूचना पाकर स्थानीय थाना मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। बताया जाता है कि मृतक अपने तीन भाई व दो बहन में छोटा था। उसके परिवार में मां फुलकुंअर देवी, पत्नी मधु देवी व तीन पुत्र सूर्या, सूर्यांश एवं अभी है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। इस घटना के बाद मृतक की मां फुलकुंअर देवी, पत्नी मधु देवी परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।




