रसौई गैस एजेंसी के मनमानी व डी ए सी नम्बर के नाम पर परेशान करने के खिलाफ प्रदर्शन!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

भाकपा माले के नेतृत्व मे देवधा भगवती चौक पर दर्जनों उपभोक्ताओं के द्वारा गैस सिलेंडर के साथ प्रदर्शन

ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरी क्षेत्रों की भांति 25 दिनों पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का आदेश दे प्रशासन

देर संध्या मे देवधा थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह के द्वारा आंदोलन स्थल पर पहुंच कर आंदोलनकारियों से सम्मानजनक वार्ता के बाद कार्यक्रम हुआ स्थगित – भूषण सिंह

मधुबनी जिले के उसराही-देवधा इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी द्वारा डीएसी नंबर के नाम पर उपभोक्ताओं को लगभग 60 दिनों के लंबे अंतराल पर रसोई गैस की आपूर्ति किए जाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरी क्षेत्रों की भांति 25 दिनों पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आज देवधा भगवती चौक पर भाकपा-माले के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाकपा-माले के देवधा एरिया कमिटी सचिव कॉमरेड निजामुद्दीन अंसारी ने किया। प्रदर्शन के दौरान गैस सिलेंडर के साथ प्रदर्शन कर रहे दर्जनो उपभोक्ताओं मे काफी आक्रोश को देखते हुए देर संध्या मे देवधा थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह के द्वारा आंदोलन स्थल पर पहुंच कर आंदोलनकारियों से सम्मानजनक वार्ता के बाद कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल हुए। आंदोलनकारी गैस सिलेंडर, झंडा एवं बैनर के साथ एजेंसी की कथित मनमानी के खिलाफ जम कर नारेबाजी कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि डीएसी नंबर की प्रक्रिया के नाम पर गैस वितरण में अनावश्यक देरी की जा रही है, जिससे गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाकपा-माले के प्रखंड सचिव कॉमरेड भूषण सिंह ने कहा कि रसोई गैस आज आम लोगों की आवश्यक आवस्यकता एवं जरूरत बन चुकी है, लेकिन ग्रामीण उपभोक्ताओं के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम समय में गैस उपलब्ध हो जाती है, जबकि ग्रामीण उपभोक्ताओं को 50 से 60 दिनों तक इंतजार करना पड़ता है। यह व्यवस्था अन्यायपूर्ण है और इसे तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए। भाकपा-माले ने संबंधित पदाधिकारियों से मांग किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अधिकतम 25 दिनों के भीतर गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा डीएसी नंबर के नाम पर हो रही अनावस्यक देरी से उपभोक्ताओं को हो रहे आर्थिक बोझ और मानसिक उत्पीड़न पर रोक लगाई जाए। साथ ही सभा के माध्यम से चेतावनी दी गई कि मांगों की अनदेखी होने पर व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।
प्रदर्शन में नरेश ठाकुर, जितेन्द्र कुमार, मनोज कुमार सिंह, तस्लीम, मुस्तफा, ईसा राइन, मोकीम, संजीव साह, अशोक गुप्ता, नजमा खातून, प्रवीणा खातून, जुबेदा खातून, तैयब, मिसबाहुद्दीन सहित दर्जनो उपभोक्ता एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

Join us on: