मोतिहारी- मादक पदार्थो की तस्करी का पुलिस ने किया पर्दाफाश, भारी मात्रा में डोडा अफीम जब्त, दो गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार!

मोतिहारी :- पूर्वी चंपारण पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटवा थाना क्षेत्र में भारी मात्रा में डोडा मादक पदार्थ अफीम बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि ढाबा संचालक अजीत सिंह मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कोटवा थाना क्षेत्र के कदम चौक स्थित एनएच-27 के किनारे एक ढाबे पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 56 किलोग्राम डोडा अफीम और 140 ग्राम तरल अफीम बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस ने मौके से दो कथित तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा सके। छापेमारी के दौरान ढाबा संचालक अजीत सिंह फरार हो गया। पुलिस ने उसे वांछित अभियुक्त घोषित कर दिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि बरामद मादक पदार्थों को जब्त कर लिया गया है तथा संबंधित ढाबे को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि अजीत सिंह के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले दर्ज हैं, इसके बावजूद वह अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहा। पुलिस ने इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता बताया है। मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट कहा कि जिले में मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना हो रही है और लोगों का विश्वास कानून-व्यवस्था पर और मजबूत हुआ है।

Join us on: