रिपोर्ट :- संतोष चौहान
सुपौल :- सुपौल के जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के द्वारा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के माध्यम से सुपौल जिले के तीन प्रखंडों के चार चयनित जनजाति बहुल गाँव में 18 मई से 25 मई 2026 तक ‘जनभागीदारी अभियानः सबसे दूर-सबसे पहले’ चलाया जाएगा।
इस अभियान का शुभारंभ सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार के द्वारा 18 मई 2026 को सुपौल समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में किया जाएगा।
इस अभियान के तहत किशनपुर, त्रिवेणीगंज एवं बसंतपुर प्रखंड के चयनित चार अनुसूचित जनजाति बहुल गाँव में 19 मई से 25 मई 2026 तक शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन प्राप्त कर उनका निष्पादन करते हुए सेवा संबंधी प्रमाण-पत्रों का वितरण किया जाएगा तथा मेडिकल कैंप के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। कैंप के दौरान 21 मई से 23 मई 2026 तक जनसुनवाई के माध्यम से अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों की समस्याऐं जानी जाएँगी तथा उनका त्वरित निष्पादन कराया जाएगा।
उक्त अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को सरकारी सुविधाओं का सहज लाभ प्रदान करना है। अभियान के सफल संचालन हेतु जिला कल्याण पदाधिकारी, सुपौल को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। अभियान के संबंध में अन्य कोई भी जानकारी के लिए संबंधित पंचायत के विकास मित्र अथवा संबंधित प्रखंड के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।



