उपमुख्यमंत्री ने स्व. लड्डूलाल मंडल की प्रतिमा का किया अनावरण!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान

सुपौल :- सदर प्रखंड के बकौर पंचायत स्थित हरिजन उच्च माध्यमिक विद्यालय,सिहे परिसर में शनिवार को उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने स्वर्गीय लड्डूलाल मंडल की प्रतिमा का अनावरण किया।

इस मौके पर आयोजित प्रतिमा अनावरण समारोह में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने फीता काटकर प्रतिमा का अनावरण किया और स्वर्गीय लड्डूलाल मंडल के सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान को याद करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणादायक व्यक्तित्व बताया।

उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सिहे पहुंचे बिजेन्द्र प्रसाद यादव का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान स्वर्गीय लड्डूलाल मंडल के पुत्र एवं जिला परिषद सदस्य महेश्वरी प्रसाद यादव एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने संयुक्त रूप से उन्हें पाग, चादर और बुके भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय लड्डूलाल मंडल ने शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में जो कार्य किये हैं वह आने वाली पीढ़ियों को नई दिशा देने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के विकास में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है और ऐसे महान लोगों की स्मृतियों को संजोना समाज के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने युवाओं से शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और समाजहित में आगे बढ़कर कार्य करने की अपील की। समारोह में सुपौल सांसद दिलीश्वर कामैत, निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, पिपरा विधायक रामविलास कामत, जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और स्वागत समारोह भी आयोजित किए गए। छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ अतिथियों का अभिनंदन किया। लोगों ने उम्मीद जताई कि स्वर्गीय लड्डूलाल मंडल की प्रतिमा समाज में शिक्षा, सेवा और मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती रहेगी।

समारोह शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। अंत में अतिथियों ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

Join us on: